देहरादून। उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने प्रशासनिक कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने, भर्ती प्रक्रियाओं की विसंगतियों को दूर करने तथा विभिन्न संवर्गों की सेवा शर्तों को व्यवस्थित करने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत अब राज्य के कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) अस्पतालों में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) पदों पर बी.फार्मा डिग्रीधारकों को भी आवेदन करने का अवसर मिलेगा। पहले इन पदों की सीधी भर्ती के लिए केवल डी.फार्मा की शैक्षिक योग्यता निर्धारित थी। इसके लिए कैबिनेट ने 'उत्तराखंड कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट संवर्ग (एलोपैथिक) सेवा नियमावली, 2021' में संशोधन को हरी झंडी दे दी है, जिससे फार्मेसी के क्षेत्र में उच्च योग्यता रखने वाले युवाओं को रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
धामी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में आ रही अड़चनों को दूर करने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अस्पतालों में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) भर्ती की शैक्षिक योग्यता का दायरा बढ़ाने सहित विभिन्न विभागों की सेवा नियमावलियों में संशोधन को मंजूरी दी गई। अब राज्य के कर्मचारी राज्य बीमा अस्पतालों में फार्मासिस्ट के पदों पर बीफार्मा डिग्रीधारक भी भर्ती के पात्र हो सकेंगे। इसके साथ ही आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने और प्रदेश में आबकारी रेंज की संख्या दो से बढ़ाकर सात करने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार, अभी तक कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अस्पतालों में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) के सीधी भर्ती पदों के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता डीफार्मा थी। अब बीफार्मा डिग्रीधारकों को भी अवसर देने के लिए उत्तराखंड कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट संवर्ग (एलोपैथिक) सेवा नियमावली, 2021 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। इस फैसले से फार्मेसी की उच्च शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए सरकारी सेवा में भर्ती के अवसर बढ़ेंगे। कैबिनेट ने उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया है। सरकार का मानना है कि इससे आयोग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा और सफाई कर्मचारियों से जुड़े मामलों, समस्याओं तथा शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी। आयोग के स्तर पर कामकाज का दायरा बढ़ने से कर्मचारियों की समस्याओं पर सुनवाई और कार्रवाई को भी गति मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 में हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों के बीच अधिमानी अर्हता को लेकर मौजूद विसंगति दूर करने का फैसला लिया गया। नियमावली में ‘प्रादेशिक सेवा’ के स्थान पर ‘प्रादेशिक सेना’ शब्द किए जाने को मंजूरी दी गई है। इससे सीधी भर्ती के पदों के अधियाचन में आ रही तकनीकी और भाषाई असंगति दूर होगी। नियोजन विभाग के अंतर्गत सेतु आयोग के संगठनात्मक ढांचे को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। आयोग के तकनीकी और विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्मिकों की सेवा शर्तें निर्धारित की जाएंगी। इसके लिए उत्तराखंड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन का अनुमोदन किया गया है। सरकारी अस्पतालों में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियनों की भर्ती और सेवा शर्तों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई है। इससे इस संवर्ग में नियुक्ति और सेवा संबंधी व्यवस्थाओं को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित किया जा सकेगा। राज्य में शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने, डिस्टलरीज और ब्रूवरीज की निगरानी मजबूत करने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रत्येक नई रेंज में उप आबकारी आयुक्त की नियुक्ति के लिए पांच पद और डिस्टलरीज एवं ब्रूवरीज की निगरानी के लिए सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में आबकारी विभाग की रेंज दो से बढ़कर सात हो जाएंगी। सरकार के इन फैसलों को प्रशासनिक ढांचे में सुधार, भर्ती संबंधी विसंगतियों को दूर करने और विभागीय कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर फार्मासिस्ट भर्ती में बीफार्मा अभ्यर्थियों को शामिल करने के फैसले से रोजगार के अवसरों का दायरा बढ़ेगा।

