देहरादून। हिमालयी राज्य उत्तराखंड में संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आपदा से निपटने की तैयारी को नई दिशा देते हुए प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार ने व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका’ और ‘उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27’ का विमोचन करने के साथ ही चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जो जमीनी राहत और जनसहभागिता को मजबूती देने वाली हैं।
उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। इससे आग की घटनाओं में घर और संपत्ति गंवाने वाले प्रभावित परिवारों को सरकारी राहत मिलने का रास्ता खुलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चार बड़े फैसलों का ऐलान करते हुए कहा कि संकट के समय राहत और बचाव कार्यों में सरकार के साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के निर्धारित मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। अब तक आग की घटनाओं में घर और घरेलू सामान गंवाने वाले परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ पुनर्वास की चुनौती का सामना करना पड़ता था। इस निर्णय से ऐसे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सहायता की वास्तविक राशि और पात्रता निर्धारित मानकों के अनुसार तय होगी। मुख्यमंत्री ने दूसरी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को सरकार पुरस्कृत करेगी। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना है। तीसरी घोषणा के तहत आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित मानव संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया गया है। भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आपदा के समय स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता बढ़ेगी और राहत एवं बचाव कार्यों में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक, समय पर चेतावनी और जनभागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां इसे भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। इसलिए आपदा आने से पहले तैयारी और संकट के दौरान त्वरित कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी सहित शासन के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इन घोषणाओं से आपदा राहत का दायरा बढ़ाने और आम नागरिकों को बचाव व्यवस्था से जोड़ने की पहल सामने आई है। अब इन फैसलों को प्रभावी नियमों और समयबद्ध क्रियान्वयन के जरिए जमीन पर उतारना अहम होगा।

