देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को संगठनात्मक स्तर पर तेज कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनाव केवल सरकार की उपलब्धियों के आधार पर नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, त्रुटिरहित मतदाता सूची और प्रभावी चुनाव प्रबंधन के दम पर लड़ा जाएगा। इसी रणनीति को धार देने के लिए रविवार को देहरादून के कुआंवाला में आयोजित संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 का रोडमैप सौंपा।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय टीम के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न स्तरों के संगठनात्मक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देना और चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाना रहा। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को भाजपा का अभेद राजनीतिक दुर्ग बनाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव की वास्तविक जीत बूथ स्तर पर तय होती है। इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाना, प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाना और हर समर्थक मतदाता को मतदान केंद्र तक लाना संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में 'जहां कम, वहां हम' अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। यदि संगठन बूथ स्तर तक पूरी मजबूती से कार्य करेगा तो चुनावी सफलता स्वतः सुनिश्चित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाएं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग एवं संबंधित संवैधानिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान केंद्रीय टीम के सदस्य एवं पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल तथा प्रकाश तंवर ने विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के सत्यापन, चुनावी रणनीति, संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पदाधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखने की प्रक्रिया भी समझाई। बैठक में यह भी माना गया कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में अनुकूल राजनीतिक माहौल है, लेकिन इस माहौल को मतदान में बदलना संगठन की सबसे बड़ी परीक्षा होगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम, नियमित जनसंपर्क, मतदाता सूची का सतत सत्यापन और समर्थक मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाए रखने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह बैठक भाजपा के मिशन 2027 की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले महीनों में उसका पूरा फोकस बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और सशक्त बनाने पर रहेगा। सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ मजबूत जमीनी नेटवर्क, प्रभावी बूथ प्रबंधन और सटीक मतदाता सूची को भाजपा अपनी सबसे बड़ी चुनावी ताकत बनाने की दिशा में काम कर रही है।

