Apr 08, 2026

14 अप्रैल के कार्यक्रम में देहरादून में शंखनाद के साथ होगा पीएम मोदी का पारंपरिक स्वागत

post-img

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं। वे देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे) का भव्य उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीएम आवास में उच्च स्तरीय बैठक की और कहा कि पीएम का स्वागत शंखनाद एवं घंटानाद से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गढ़ीकैंट स्थित सभा स्थल जाते समय वे रोड शो में भी शामिल होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे कार्यक्रम को जन उत्सव का रूप दिया जाए। समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोक नृत्य-संगीत की झलकियाँ भव्य रूप से दिखाई दें। लोग राष्ट्रीय ध्वज लेकर घरों से निकलें और रोड शो के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बनाएं। यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के विकास में स्वर्णिम अध्याय साबित होगा। दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय 6-7 घंटे से घटकर मात्र 2.5 घंटे रह जाएगा। पर्यटन, व्यापार, रोजगार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। निवेश बढ़ेगा और प्रदेश राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस परियोजना से पहाड़ी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे। प्रदेश सरकार पूरे कार्यक्रम को भव्य बनाने में जुट गई है। 14 अप्रैल को देहरादून में उत्सव का माहौल रहेगा। यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाएगा बल्कि उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।