खटीमा। उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब सीमांत क्षेत्र खटीमा से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला खटीमा विकासखंड के एक गांव का है। घटना 11 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उस दिन वह स्वयं खेत में घास काटने गई थी और पति मजदूरी पर गए हुए थे। दोनों बेटे भी बकरियां चराने घर से बाहर थे। घर में 16 वर्षीय बेटी अकेली बैठकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक नरेंद्र उर्फ नरी राम मौका पाकर घर के अंदर घुस आया। आरोप है कि नरेंद्र ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और किशोरी के हाथ-पांव बांधकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने किशोरी को डराया-धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसके माता-पिता और भाइयों को जान से मार देगा। दरिंदे के खौफ के कारण डरी-सहमी किशोरी कई दिनों तक खामोश रही। इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिनों बाद किशोरी का पैर टूट गया और परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली ले गए। दिल्ली में इलाज के दौरान मां ने अपनी बेटी के स्वास्थ्य और व्यवहार में असामान्य घबराहट महसूस की। जब मां ने विश्वास में लेकर पूछताछ की, तो पीड़िता फूट-फूट कर रो पड़ी और अपनी आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन वापस खटीमा पहुंचे और 23 फरवरी को कोतवाली में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। खटीमा कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी नरेंद्र उर्फ नरी राम के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा। जनपद में एक के बाद एक सामने आ रही दुष्कर्म की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं और स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है।